असम के गोगामुख में जन्म के समय घायल हुए सात सप्ताह के हाथी के बच्चे ‘राजा’ को उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर जामनगर स्थित वंतारा लाया गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जन्म के दौरान मां की लात लगने से उसके पिछले दाहिने पैर की जांघ की हड्डी टूटकर खिसक गई थी. इस वजह से वह खड़ा नहीं हो पा रहा था और उसे मां का दूध भी नहीं मिल सका.

वनतारा की टीम 8 अक्टूबर को असम पहुंची थी. वहां एक्स-रे के बाद उसके पैर पर प्लास्टर लगाया गया और घावों का उपचार किया गया. टीम ने विशेष सहारे के साथ उसे मां के दूध का विकल्प दिया और चौबीसों घंटे निगरानी की. शरीर में कुछ ताकत आने के बाद उसे जामनगर ले जाया गया.

मां का दूध न मिलने और लगातार पड़े रहने के कारण राजा को दस्त की समस्या हुई और वह कमजोर होता गया. उपलब्ध विवरण के मुताबिक, उसे क्लेब्सिएला निमोनिया बैक्टीरिया का संक्रमण भी हुआ. कई बार उसका ब्लड शुगर कम हुआ और लिवर पर दबाव बढ़ा. लंबे समय तक लेटे रहने से उसके सिर पर गहरे घाव भी हो गए.

असम में उसे एंटीबायोटिक्स, तरल पदार्थ और विटामिन दिए गए. अब वंतारा अस्पताल में उसकी हड्डी की विशेष चिकित्सा और पोषण पर ध्यान दिया जाएगा. चोट की गंभीरता को देखते हुए उसे लंबे समय या जीवनभर चिकित्सकीय देखभाल की जरूरत पड़ सकती है.