असम सरकार ने जिला आयुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि VIP काफिले की आवाजाही के दौरान एंबुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन वाहनों को किसी भी स्थिति में न रोका जाए. मुख्यमंत्री कार्यालय के आदेश में कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री का काफिला भी रोककर आपातकालीन वाहन को तत्काल रास्ता दिया जाए.
यह निर्देश सिलचर की उस घटना के बाद आया है, जिसमें मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के काफिले को रास्ता देने के लिए एक एंबुलेंस को रोका गया था. एंबुलेंस में सवार मरीज की बाद में सिलचर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद चार पुलिसकर्मियों को कथित ड्यूटी लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया था.
अस्पताल प्रशासन और मरीज के परिजनों ने कहा कि मौत का सीधा संबंध यातायात रोकने से नहीं था. मरीज लंबे समय से लिवर सिरोसिस से पीड़ित था और उसकी हालत गंभीर थी. मुख्यमंत्री ने घटना को अस्वीकार्य बताते हुए माफी मांगी थी और कहा था कि किसी भी काफिले को आपातकालीन चिकित्सा सेवा से प्राथमिकता नहीं दी जानी चाहिए.
