असम में गुवाहाटी के बाहरी इलाके स्थित डिगारू रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए. रेलवे के अनुसार, हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 13125 करीब 6:54 बजे डिगारू स्टेशन पहुंच रही थी. दूसरी ट्रेन को पहले रास्ता देने के लिए एक्सप्रेस को स्टेशन पर लिया जा रहा था. इसी दौरान ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित नहीं हो पाई और उसके पांच डिब्बे इंजन सहित पटरी से उतर गए.
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर राहत कार्य जारी है.
हादसे के कारण दो अन्य ट्रेनों को भी रास्ते में नियंत्रित किया गया. ट्रेन संख्या 12067 गुवाहाटी-जोरहाट टाउन जनशताब्दी एक्सप्रेस को पनबारी में रोका गया, जबकि ट्रेन संख्या 15627 कोयंबटूर-सिलचर एक्सप्रेस को पानीखैती में नियंत्रित किया गया.
रेलवे के महाप्रबंधक समेत अन्य अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं. हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी और रेल परिचालन सामान्य होने के बारे में आगे का आधिकारिक अपडेट अभी प्रतीक्षित है.
