असम के कछार जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास लापता हुए BSF कांस्टेबल के वेणु का शव बुधवार सुबह कुशियारा नदी से बरामद किया गया. 32 वर्षीय वेणु हरिनगर बॉर्डर आउटपोस्ट पर तैनात थे.

अधिकारियों के अनुसार, सोमवार को BSF को सीमा क्षेत्र में चार-पांच संदिग्ध पशु तस्करों की गतिविधि की सूचना मिली थी. हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव और कांस्टेबल वेणु ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की. आरोप है कि चुनौती दिए जाने पर संदिग्ध नदी में कूदकर भागने लगे, जिसके बाद दोनों जवान भी उनका पीछा करते हुए बराक नदी में उतर गए. यादव सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन वेणु लापता हो गए.

इसके बाद BSF, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, नदी पुलिस और अन्य दलों ने तलाशी अभियान चलाया. वेणु का शव श्रीभूमि जिले के स्टीमरघाट के पास नदी में बहता मिला.

BSF अधिकारियों के मुताबिक, शव पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं. पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को उनके गृह राज्य तेलंगाना ले जाया जाएगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा.