असम के बोंगाईगांव जिले में मुख्यमंत्री के विजिलेंस सेल से जुड़े पुलिस उपाधीक्षक (DSP) खरगेश्वर राभा का शव 22 अक्टूबर को एक होटल के कमरे से बरामद हुआ. पुलिस के अनुसार शव होटल के कमरा नंबर 102 में मिला.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नुमल महत्ता ने बताया कि राभा 18 अक्टूबर को होटल में ठहरे थे. वह उस समय छुट्टी पर थे और निजी यात्रा के सिलसिले में अकेले होटल आए थे. कई दिन तक कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.
अधिकारी के अनुसार मौत की वजह अभी तय नहीं हुई है. स्वास्थ्य संबंधी समस्या की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी. पुलिस ने शव को बोंगाईगांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है.
राभा की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य बोंगाईगांव पहुंच चुके हैं. पुलिस होटल में ठहरने, कमरे की स्थिति और घटनाक्रम से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है. अधिकारियों ने कहा है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारण को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.
