श्री अरविंद की 150वीं जयंती के राष्ट्रव्यापी स्मरण कार्यक्रम के तहत ऑरोविल में उनके जीवन और विचारों को समर्पित वर्चुअल संग्रहालय का अनावरण किया गया है. यह संग्रहालय भारत निवास परिसर स्थित इंडिया स्पेस में बनाया गया है और इसे जल्द ही आम लोगों के लिए खोले जाने की तैयारी है.

यह परियोजना ऑरोविल फाउंडेशन, पुडुचेरी सरकार और केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की संयुक्त पहल है. इसके निर्माण और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी केंद्रीय लोक निर्माण विभाग ने संभाली है. अधिकारियों के अनुसार, संग्रहालय का उद्देश्य ऑरोविल और पुडुचेरी आने वाले आगंतुकों, शोधकर्ताओं और श्री अरविंद के अनुयायियों के लिए एक सांस्कृतिक, शैक्षिक और आध्यात्मिक केंद्र उपलब्ध कराना है.

डिजिटल माध्यम से श्री अरविंद के विचारों की प्रस्तुति

स्रोत के अनुसार, संग्रहालय में आधुनिक डिजिटल टचपॉइंट और सहज लर्निंग इंटरफेस लगाए गए हैं. इनके जरिए अलग-अलग आयु वर्ग के लोग श्री अरविंद के जीवन, इंटीग्रल योग, साहित्यिक कृतियों और ऐतिहासिक विरासत के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे.

संग्रहालय की मूल अवधारणा और नैरेटिव स्क्रिप्ट लंबे समय से ऑरोविल में रह रहे मनोज पवित्रन ने तैयार की है. प्रेस नोट के मुताबिक, क्यूरेशन को श्री अरविंद और द मदर की आध्यात्मिक दृष्टि और विचारधारा से जोड़कर विकसित किया गया है.

इस परियोजना में 12 आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण फूलों की सुगंध को प्रदर्शित करने वाला एक विशेष olfactory installation भी शामिल है. इसके जरिए फूलों के महत्व से जुड़े श्री अरविंद और द मदर के विचारों को अनुभवात्मक ढंग से प्रस्तुत करने की कोशिश की गई है.

अधिकारियों ने किया सुविधा का निरीक्षण

प्रेस नोट के मुताबिक, पुडुचेरी के मुख्य सचिव शरत चौहान के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को संग्रहालय का निरीक्षण किया. प्रतिनिधिमंडल में पुडुचेरी सरकार की सचिव ए. मुथम्मा, ऑरोविल फाउंडेशन के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी जी. सीतारामन, वरिष्ठ सलाहकार वेणुगोपाल, ऑरोविल टाउन डेवलपमेंट काउंसिल के सदस्य और फाउंडेशन के कर्मचारी शामिल थे.

जारी जानकारी के अनुसार, परियोजना को अवधारणा से लेकर तैयार होने तक गुजरात सरकार की अतिरिक्त मुख्य सचिव और ऑरोविल फाउंडेशन की सचिव जयंती एस. रवि के नेतृत्व और सहयोग में आगे बढ़ाया गया. संग्रहालय के सार्वजनिक उद्घाटन की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है.