दक्षिण दिल्ली के आया नगर इलाके में सोमवार सुबह एक जिम ट्रेनर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वारदात को दो आरोपियों ने अंजाम दिया और उन्होंने ट्रेनर पर करीब 10 से 12 राउंड फायरिंग की. गोलीबारी में उसकी मौके पर ही मौत होने की बात सामने आई है.

घटना सुबह करीब साढ़े 10 बजे की बताई जा रही है. अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू किए. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.

आपसी रंजिश के एंगल से जांच

पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई गई है. हालांकि, अधिकारियों के मुताबिक हत्या की वास्तविक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मृतक का किसी व्यक्ति से विवाद चल रहा था या नहीं.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. दोनों संदिग्ध आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस अधिकारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान का प्रयास जारी है और जांच पूरी होने के बाद घटना की वजह तथा आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.