भारतीय रेल अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच सीधी यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने की तैयारी में है. रेलवे मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, ट्रेन का उद्घाटन 23 नवंबर को प्रस्तावित है. सेवा साप्ताहिक होगी और इसका उद्देश्य दोनों देशों के प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच संपर्क बढ़ाने के साथ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है.

प्रस्तावित ट्रेन अयोध्या कैंट और जनकपुरधाम के बीच चलेगी. जनकपुर से ट्रेन हर शनिवार दोपहर रवाना होगी, जबकि अयोध्या से इसका प्रस्थान हर सोमवार दोपहर निर्धारित किया गया है. करीब 604 किलोमीटर की एकतरफा यात्रा पूरी करने में लगभग 19 घंटे लगेंगे.

सीमा शुल्क के बाद उसी ट्रेन में आगे सफर

मौजूदा व्यवस्था में भारत से यात्री बिहार के जयनगर तक भारतीय रेल से पहुंचते हैं. इसके बाद सीमा शुल्क प्रक्रिया पूरी कर नेपाल रेलवे की ट्रेन से जनकपुरधाम और कुर्था जाना पड़ता है. नई सेवा में यात्री सीमा शुल्क जांच के बाद उसी ट्रेन में नेपाल की ओर यात्रा जारी रख सकेंगे.

ट्रेन में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर और स्लीपर कोच होंगे. इसमें करीब 1,100 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी. प्रस्तावित ठहरावों में मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं.

भारतीय यात्रियों को वैध पहचान या यात्रा दस्तावेज साथ रखना होगा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पासपोर्ट, मतदाता पहचान पत्र, आधार या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे दस्तावेज स्वीकार किए जा सकते हैं.

यह सेवा भारत और नेपाल के बीच सीधे रेल संपर्क को मजबूत करने वाली पहल के रूप में देखी जा रही है.