अयोध्या स्थित राम मंदिर में पुजारियों के लिए नई गाइडलाइन जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें पुजारियों के पहनावे, व्यक्तिगत स्वच्छता, गर्भगृह में अनुशासन और श्रद्धालुओं से व्यवहार से जुड़े निर्देश शामिल हैं.
गाइडलाइन के मुताबिक, पुजारियों को बाल, दाढ़ी, मूंछ और शिखा रखने होंगे या पूरी तरह क्लीन शेव रहना होगा. तिलक लगाना अनिवार्य बताया गया है. उन्हें रोज पीले रंग के कपड़े पहनने होंगे. शौच के बाद स्नान किए बिना मंदिर में प्रवेश नहीं किया जा सकेगा. नियमों का उल्लंघन होने पर गाय के दूध, घी और दही से शुद्धीकरण किए जाने की बात कही गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स में राम मंदिर धार्मिक समिति के सदस्य स्वामी राजकुमार दास के हवाले से बताया गया है कि 12 सितंबर को ट्रस्ट की धार्मिक समिति की बैठक में इन निर्देशों पर सहमति बनी. पुजारियों को नियमों की जानकारी देकर पालन के लिए कहा गया है.
गर्भगृह और सेवा के दौरान प्रतिबंध
पुजारी गर्भगृह में मोबाइल फोन नहीं ले जा सकेंगे. मंदिर से जुड़े विषयों पर सोशल मीडिया, WhatsApp या अन्य माध्यमों में ऐसी टिप्पणी करने से बचने को कहा गया है, जिससे लोगों के बीच गलत संदेश जाए.
सेवा के दौरान पुजारियों को अपने निर्धारित स्थान पर रहना होगा. जरूरी काम से स्थान छोड़ने से पहले पाली प्रमुख को कारण बताना होगा. अनावश्यक बातचीत, समूह में चर्चा और हंसी-मजाक से बचने के साथ श्रद्धालुओं से भी अनावश्यक बातचीत नहीं करने का निर्देश है. किसी घटना की स्थिति में शांत रहकर जिम्मेदार अधिकारियों से सहयोग लेने को कहा गया है.
गर्भगृह में मंदिर की ओर से मिले भोग-प्रसाद के अलावा कोई बाहरी वस्तु नहीं ले जाई जा सकेगी. परिवार या परिचितों के लिए विशेष दर्शन अथवा प्रसाद की व्यवस्था आचार्य के निर्देश पर ही होगी. सोने, चांदी और अन्य धातुओं के बर्तनों की गिनती सेवा से पहले और स्वच्छता के बाद करने का भी निर्देश दिया गया है.
