आयुर्वेद में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन और चॉइस फिलिंग की समयसीमा नजदीक है. शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पंजीयन और कॉलेज-विषय का विकल्प भरने की प्रक्रिया 11 नवंबर को रात 11:59 बजे तक पूरी की जा सकेगी. इसके बाद आवेदन और विकल्प भरने का अवसर नहीं मिलेगा.

प्रवेश प्रक्रिया आयुर्वेद वाचस्पति यानी एमडी आयुर्वेद और आयुर्वेद धन्वंतरि पाठ्यक्रमों के लिए है. इसमें शासकीय और निजी आयुर्वेद कॉलेजों की सीटें शामिल हैं. निजी आयुर्वेद कॉलेजों की ऑल इंडिया कोटे की सीटों के लिए भी अभ्यर्थी विकल्प भर सकेंगे.

किन अभ्यर्थियों को मौका

इस प्रवेश प्रक्रिया में वही अभ्यर्थी पात्र होंगे, जो अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा (एआईएपीजीईटी)-2026 में शामिल हुए हैं. ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के दौरान अभ्यर्थियों को उपलब्ध कॉलेजों और विषयों में अपनी प्राथमिकता दर्ज करनी होगी.

राज्य कोटे के साथ निजी कॉलेजों की ऑल इंडिया कोटे की सीटों को ध्यान में रखते हुए चॉइस फिलिंग करनी होगी. पंजीयन, विकल्प भरने और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े विस्तृत निर्देश आयुर्वेद संचालनालय की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं. तकनीकी दिक्कत से बचने के लिए अभ्यर्थियों को अंतिम समय का इंतजार न करने की सलाह दी गई है.