उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार को पूजा के दौरान हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में आरोपी की पत्नी बबीता और पूजा कराने आए दो पुजारी शामिल हैं. पुलिस ने आरोपी को उसके तीन बच्चों के साथ घर के एक कमरे से बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना के बाद आरोपी करीब 10 और 7 साल के दो बच्चों तथा लगभग छह महीने के एक बच्चे के साथ कमरे में बंद हो गया था. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने उससे बातचीत के जरिए बाहर आने के लिए कहा. स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड ने पानी की बौछार का इस्तेमाल कर गेट तोड़ा और चारों को सुरक्षित बाहर निकाला.
इसके बाद आरोपी और बच्चों को अस्पताल ले जाया गया. बच्चों को पुलिस की निगरानी में अस्पताल पहुंचाया गया है. पुलिस ने आरोपी के लाइसेंसी असलहे कब्जे में ले लिए हैं. घटनास्थल से हथियार और फायरिंग से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी अरविंद सिंह बाजार से घर लौटा था. घर में पूजा चल रही थी और इसी दौरान पंडितों से आधार कार्ड मांगे जाने को लेकर विवाद हुआ. विवाद बढ़ने पर गोली चलने की बात सामने आई है. पुलिस के अनुसार, गोलीबारी में आरोपी की पत्नी समेत तीन लोग घायल हुए, बाद में उनकी मौत हो गई. मृतकों में पंडित महेंद्र पाठक का नाम सामने आया है.
बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले आरोपी के भाई गुड्डू सिंह की गोली मारकर हत्या हुई थी. परिवार में उनकी आत्मा की शांति के लिए पूजा रखे जाने की बात कही जा रही है. हालांकि, घटना की वजह और पूरी परिस्थितियां पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होंगी. पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है.
