उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम पूजा के दौरान विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गोलीबारी में अरविंद सिंह की पत्नी बबीता समेत तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में दो पंडित बताए जा रहे हैं. इनमें पंडित महेंद्र पाठक का नाम सामने आया है.

बताया जा रहा है कि अरविंद सिंह बाजार से घर लौटने के बाद पूजा करा रहे पंडितों से आधार कार्ड मांगने लगा. इसी बात को लेकर विवाद हुआ और मामला बढ़ने पर गोली चलने का आरोप है. हालांकि, फायरिंग की वास्तविक वजह और तीनों लोगों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.

दो साल पहले भाई की हत्या का संदर्भ

घटना के पीछे अरविंद सिंह के भाई गुड्डू सिंह की करीब दो साल पहले हुई हत्या का संदर्भ भी सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुड्डू सिंह की आत्मा की शांति के लिए परिवार ने पूजा रखी थी और अरविंद इस आयोजन का विरोध कर रहा था. इसी पूजा के दौरान विवाद होने की बात कही जा रही है.

घटना के बाद पूजा में शामिल अन्य पंडितों के मौके से चले जाने की जानकारी है. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और गोलीबारी से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

रिपोर्ट्स के अनुसार, अरविंद सिंह अपने दोनों बेटों के साथ एक कमरे में मौजूद है और उसके पास हथियार होने की सूचना है. उसके पास परिवार के तीन लाइसेंसी असलहे और 40 से अधिक कारतूस होने की बात भी सामने आई है. पुलिस उससे बातचीत के जरिए स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है. ग्रामीणों और मीडिया को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी गई है.

पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है.