भारत की पहली स्वदेशी डिजाइन वाली बुलेट ट्रेन आकार ले रही है. B28 नाम वाली इस ट्रेन का निर्माण भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) की बेंगलुरु स्थित फैक्ट्री में किया जा रहा है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने निर्माणाधीन ट्रेन की झलक साझा की है. यह ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर चलाने के लिए तैयार की जा रही है.

ट्रेन का डिजाइन भारतीय यात्रियों की जरूरतों, आराम और सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है. भारतीय इंजीनियर जापानी इंजीनियरों की देखरेख में इस परियोजना पर काम कर रहे हैं. ट्रेन की मजबूती और तेज रफ्तार पर प्रदर्शन की जांच के लिए स्ट्रक्चरल टेस्टिंग भी की जा रही है.

280 किमी प्रति घंटे की टेस्ट स्पीड

B28 ट्रेनसेट को 280 किलोमीटर प्रति घंटे की टेस्ट स्पीड के हिसाब से डिजाइन किया जा रहा है. इसकी प्रस्तावित परिचालन गति 249 किलोमीटर प्रति घंटा होगी. करीब 202 मीटर लंबी ट्रेन में कुल आठ कोच होंगे. इनमें चार मोटर कार और चार ट्रेलर कार शामिल हैं. दोनों सिरों पर ड्राइवर केबिन दिए जाएंगे, जिससे ट्रेन को दोनों दिशाओं में चलाया जा सकेगा. जरूरत पड़ने पर दो आठ-कोच ट्रेनसेट जोड़कर 16 कोच वाली ट्रेन बनाई जा सकती है.

इस ट्रेन में एक साथ करीब 557 यात्री सफर कर सकेंगे. इसमें सात स्टैंडर्ड क्लास और एक एग्जीक्यूटिव क्लास कोच होगा. स्टैंडर्ड क्लास में 3x2 और एग्जीक्यूटिव क्लास में 2x2 सीटिंग व्यवस्था होगी. दिव्यांग यात्रियों और चलने-फिरने में परेशानी वाले लोगों के लिए दो विशेष स्थान भी रखे गए हैं.

यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं

B28 में आरामदायक सीटें, पैरों के लिए पर्याप्त जगह, बड़ी खिड़कियां, LED लाइट, ओवरहेड लगेज रैक और मोबाइल-लैपटॉप चार्जिंग के लिए पावर सॉकेट होंगे. बड़े बैग रखने के लिए अलग जगह और बायो-डाइजेस्टर टॉयलेट की सुविधा भी दी जाएगी.

ट्रेन में Wi-Fi आधारित एंटरटेनमेंट सिस्टम और LCD स्क्रीन होंगी. स्क्रीन पर अंग्रेजी, हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं में जरूरी जानकारी दिखाई जाएगी. ऑडियो अनाउंसमेंट के अलावा आपात स्थिति में यात्रियों को कर्मचारियों से सीधे संपर्क के लिए टॉक-बैक सुविधा मिलेगी.

एयरोडायनामिक डिजाइन और ऊर्जा बचत

तेज रफ्तार में हवा के दबाव और शोर को कम करने के लिए ट्रेन के अगले हिस्से और पूरी बॉडी को एयरोडायनामिक डिजाइन दिया गया है. कंप्यूटर आधारित CFD सिमुलेशन के जरिए एयर सर्कुलेशन का अध्ययन किया गया है. इससे एयर रेजिस्टेंस, सुरंग में हवा के दबाव और शोर को नियंत्रित करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

ट्रेन में 25 kV, 50 Hz सिंगल-फेज AC ट्रैक्शन सिस्टम होगा और बिजली ओवरहेड तारों से मिलेगी. रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम धीमा होने या ब्रेक लगाने के दौरान पैदा होने वाली कुछ ऊर्जा को वापस बिजली व्यवस्था में भेजेगा. हर कोच में तापमान और नमी नियंत्रित रखने के लिए दो HVAC यूनिट होंगी.