उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बद्रीनाथ धाम का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने बामणी गांव में स्थानीय महिलाओं के साथ पारंपरिक चाच नृत्य में हिस्सा लिया और क्षेत्र की लोक परंपराओं की झलक देखी. उन्होंने ग्रामीणों और बद्रीनाथ पहुंचे श्रद्धालुओं से भी बातचीत की.
धामी बद्रीनाथ धाम की एक स्थानीय दुकान पर रुके और वहां दूध-जलेबी का स्वाद लिया. इसके बाद उन्होंने नारायण पैलेस रोड स्थित श्री नारायण स्वामी मंदिर के पास आयोजित श्री बद्रीनाथ कथा महोत्सव में भी भाग लिया.
यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने श्री बद्रीनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर उत्तराखंड और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की. चारधाम यात्रा के बारे में उन्होंने कहा कि मानसून के बाद यात्रा का दूसरा चरण शुरू हो चुका है. उनके मुताबिक, यात्रा के पहले चरण में करीब 51 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और यह चरण ऐतिहासिक रहा.
धामी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा और सुविधाजनक दर्शन के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं. उन्होंने चारधाम मार्गों पर चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का भी उल्लेख किया. मुख्यमंत्री के अनुसार, भगवान बदरी विशाल के मास्टर प्लान पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है, हालांकि ऊंचाई वाले इलाकों में निर्माण का मौसम सीमित होने के कारण चुनौतियां बनी हुई हैं.
बद्रीनाथ में देवभूमि सांस्कृतिक उत्सव
बद्रीनाथ में 19 और 20 सितंबर को दो दिवसीय देवभूमि सांस्कृतिक उत्सव आयोजित किया जा रहा है. ‘ऑपरेशन सद्भावना’ के तहत भारतीय सेना और चमोली जिला प्रशासन के संयुक्त आयोजन में उत्तराखंड के लोक नृत्य, संगीत, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पाद और पारंपरिक व्यंजन प्रदर्शित किए जा रहे हैं.
उत्सव में महिला स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों, किसानों और युवा उद्यमियों की भागीदारी है. ‘हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ थीम वाला यह आयोजन सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थानीय परंपराओं और प्रतिभाओं को मंच देने पर केंद्रित है.
