उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम से देहरादून जा रहे हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद करीब दो दिन चला रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो गया है. रविवार सुबह सभी छह मृतकों के शव दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से नीचे लाए गए. शवों को पोस्टमार्टम और पहचान संबंधी कानूनी प्रक्रियाओं के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है.
ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर VT-HCX शुक्रवार, 30 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:15 बजे बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा, देहरादून के लिए रवाना हुआ था. ज्योतिर्मठ क्षेत्र में हाथी पर्वत के पास स्वारी खर्क में यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह इलाका पांडुकेश्वर के ऊपर जोशीमठ घाटी में स्थित है. हेलीकॉप्टर में कर्नाटक के पांच श्रद्धालु और दिल्ली निवासी पायलट कैप्टन हिमांशु समेत छह लोग सवार थे.
हादसे के बाद चमोली पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना, आईटीबीपी, जिला प्रशासन, फायर और वन विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर भेजी गईं. अभियान में करीब 100 जवान शामिल थे. घने जंगल, दुर्गम पहाड़ी रास्ते, खराब मौसम, बर्फबारी और अंधेरे के कारण बचाव कार्य में कठिनाई आई. शुक्रवार रात मौसम बिगड़ने और अंधेरा होने पर अभियान रोकना पड़ा, जिसे शनिवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच फिर शुरू किया गया.
रेस्क्यू टीमों को पैदल घटनास्थल तक पहुंचने में करीब 6 से 7 घंटे लगे. शनिवार दोपहर बाद शवों को एकत्र कर बॉडी बैग में रखा गया. रास्ता कठिन होने के कारण अभियान को टोली नाला की ओर मोड़ा गया. पूरी रात चले अभियान के बाद रविवार सुबह करीब 4 से 5 बजे तक सभी शवों को नीचे लाया गया.
अधिकारियों के मुताबिक, शव खराब स्थिति में मिले हैं. मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए एम्स ऋषिकेश में डीएनए सैंपलिंग और अन्य प्रक्रियाएं होंगी. कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे.
