बदरीनाथ धाम के तप्तकुंड में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को चिकित्सकों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है. चिकित्सकों के अनुसार, कुंड का पानी प्राकृतिक रूप से गर्म और सल्फरयुक्त है. इसमें लंबे समय तक रहने या बार-बार डुबकी लगाने से चक्कर आने, बेहोशी और हृदय संबंधी परेशानी का खतरा बढ़ सकता है.
बदरीनाथ के सरकारी अस्पताल के प्रभारी डॉ. सचिन राणा ने बताया कि तप्तकुंड क्षेत्र में गर्म हवाओं के कारण ऑक्सीजन का दबाव भी कम रहता है. उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिकतम दो से तीन डुबकी लगाने के बाद कुंड से बाहर आने की अपील की. स्थानीय लोग भी कुंड में ज्यादा देर तक नहीं रुकते हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार को तप्तकुंड में 108 डुबकी लगाने के दौरान दो महिलाओं की मौत हो गई थी. मृतकों की पहचान 71 वर्षीय रामू देवी और 63 वर्षीय प्रेमा देवी के रूप में हुई है. दोनों सगी बहनें थीं और करीब एक सप्ताह से प्रतिदिन 108 डुबकी लगा रही थीं. रिपोर्ट में दोनों की मौत हृदय गति रुकने से होने की बात कही गई है.
श्रद्धालुओं को अपनी स्वास्थ्य स्थिति का ध्यान रखते हुए स्नान की अवधि सीमित रखने और असहज महसूस होने पर तुरंत कुंड से बाहर आने की सलाह दी गई है.
