बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र स्थित बलिराजगढ़ गांव में सोमवार, 2 नवंबर की देर रात गोलीबारी में एक ग्रामीण की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. पुलिस पिकेट पर तैनात सहायक उपनिरीक्षक (ASI) चंद्रमोहन सिंह पर फायरिंग करने का आरोप है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ASI गांव के एक घर में गया था. उसके वहां आने-जाने को लेकर ग्रामीणों में पहले से नाराजगी थी. ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और कथित तौर पर घर के भीतर बंद कर दिया. इसके बाद खुद को घिरा देखकर ASI ने अपनी सर्विस पिस्टल से कई राउंड गोलियां चलाईं.
गोली लगने से अशोक यादव, धनिकलाल यादव, फूलो देवी और विजेंद्र यादव घायल हुए. सभी को बाबूबरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां अशोक यादव को मृत घोषित कर दिया गया. बाकी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है.
मधुबनी के SSP योगेंद्र कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया है. आरोपी ASI को निलंबित किए जाने और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित किए जाने की जानकारी सामने आई है. मामले में हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई और विभागीय जांच जारी है.
