बालोद जिले में नशीली दवाइयों की बिक्री और सप्लाई के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से ट्रामाडोल युक्त 464 प्रतिबंधित कैप्सूल, नकदी और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. जब्त सामग्री की कुल कीमत 1,91,631 रुपए बताई गई है.

पुलिस के मुताबिक, ग्राम सिवनी में तांदुला नदी पुल के नीचे नशीली दवाइयां बेचने की सूचना मिली थी. इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर कुंदरूपारा, बालोद निवासी अनूप सरकार (38) को पकड़ा. तलाशी के दौरान उसके पास से ट्रामाडोल युक्त कैप्सूल बरामद होने की बात पुलिस ने कही है.

पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने कुरूद निवासी दीपक धीवर (23) और वाहिद खान (26) को भी मामले में गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, दोनों की कैप्सूल की खरीद-बिक्री में संलिप्तता सामने आई थी. अनूप सरकार की गिरफ्तारी 13 नवंबर की रात, जबकि दीपक धीवर और वाहिद खान की गिरफ्तारी 14 नवंबर को की गई.

464 कैप्सूल की कीमत 1.85 लाख रुपए

बालोद पुलिस के अनुसार, जब्ती में SPAS-TRASCEN-PLUS के 312 कैप्सूल शामिल हैं, जिनकी कीमत 1,24,800 रुपए आंकी गई है. SPASMO-PROXYVON-PLUS के 152 कैप्सूल की कीमत 60,800 रुपए बताई गई है. दोनों प्रकार के 464 कैप्सूल की कुल कीमत 1,85,600 रुपए है.

पुलिस ने तीनों के खिलाफ बालोद थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ग) के तहत मामला दर्ज किया है. आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया.