बालोद जिले में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से 27 से 29 अक्टूबर तक तेज हवाओं के साथ भारी से अति भारी बारिश की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं.
कलेक्टर ने जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर 27 से 30 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है. बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक रहेगी. प्रशासन ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों के लिए उपलब्ध रहने के निर्देश दिए हैं.
गुरूर, गुंडरदेही और बालोद विकासखंड के डुबान तथा निचले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. पूर्व में प्रभावित रहे 61 संवेदनशील गांवों को चिह्नित किया गया है. इन गांवों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराकर लोगों को मौसम को लेकर सावधान किया जा रहा है.
जिला मुख्यालय में 24 घंटे सक्रिय रहने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. आपात स्थिति के लिए डायल 112 के 12 वाहनों को फील्ड में अलर्ट मोड पर रखा गया है. संवेदनशील पंचायतों में भोजन और राशन का अग्रिम प्रबंध करने के साथ राहत शिविर तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं.
आपदा प्रबंधन में अधिकारियों की व्यस्तता को देखते हुए 27 अक्टूबर को होने वाली जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक आगामी आदेश तक स्थगित कर दी गई है. प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और सतर्क रहने की अपील की है.
