बालोद जिले के झलमला स्थित प्रसिद्ध मां गंगा मइया मंदिर में शारदीय नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. मंदिर परिसर में 11 से 19 अक्टूबर तक ज्योति कलश स्थापना, धार्मिक अनुष्ठान और मेले का आयोजन होगा. इस अवधि में भारी वाहनों को मंदिर और शहर के मुख्य मार्गों से दूर रखा जाएगा.
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
धमतरी दिशा से आने वाले भारी वाहन धमतरी-गुरुर से झलमला तिराहा, पड़कीभाट बायपास, पाररास और बटेरा चौक होकर आगे जाएंगे. दुर्ग दिशा के वाहनों को दुर्ग-गुंडरदेही से पड़कीभाट बायपास और बटेरा चौक मार्ग से भेजा जाएगा.
दल्लीराजहरा से आने वाले वाहन कुसुमकसा, बटेरा चौक, पाररास बायपास और पड़कीभाट मार्ग का इस्तेमाल करेंगे. राजनांदगांव दिशा से आने वाले भारी वाहन डौंडीलोहारा, बटेरा चौक, पाररास बायपास और पड़कीभाट होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे.
दर्शनार्थियों के लिए चार पार्किंग स्थल
धमतरी-गुरुर मार्ग से आने वाले श्रद्धालु झलमला स्थित पुलिस कॉलोनी परिसर में वाहन खड़ा कर सकेंगे. दुर्ग-गुंडरदेही दिशा के लिए झलमला बाजार चौक में पार्किंग तय की गई है.
दल्लीराजहरा और राजनांदगांव मार्ग से आने वाले दर्शनार्थियों के लिए सिवनी मैदान पार्किंग तथा हीरापुर मोड़ के सामने बालोद बाजार पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं.
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने और निर्धारित पार्किंग का ही उपयोग करने की अपील की है. भारी वाहन चालकों से भी परिवर्तित मार्गों का पालन करने को कहा गया है. यातायात संबंधी सहायता के लिए पुलिस कंट्रोल रूम बालोद के नंबर 94791-91160 और यातायात कार्यालय बालोद के नंबर 77492-23817 पर संपर्क किया जा सकता है.
