बालोद का तांदुला जलाशय दो दिनों की तेज बारिश के बाद ओवरफ्लो हो गया है. शुक्रवार शाम से जलाशय से पानी छलकना शुरू हुआ था और शनिवार सुबह तक पानी सेफ्टी वॉल से करीब एक फीट ऊपर बहने लगा. तेज धार के कारण यहां झरने जैसा दृश्य बन गया है.

जलाशय के ओवरफ्लो होने के बाद आसपास के 30 गांवों में अलर्ट जारी किया गया है. लगातार बारिश के चलते तांदुला जलाशय में जलभराव 100 फीसदी हो चुका है. पानी की आवक बनी रहने से अतिरिक्त पानी ओवरफ्लो होकर बाहर निकल रहा है.

नजारा देखने पहुंच रहे लोग

जलाशय के छलकने की खबर के बाद बालोद और आसपास के इलाकों से लोग यहां पहुंच रहे हैं. मानसून के दौरान जिले के लोगों को हर साल तांदुला जलाशय के भरने और ओवरफ्लो होने का इंतजार रहता है. इस बार लगातार बारिश के बाद शनिवार सुबह यह स्थिति बनी.

बारिश से जिले के कई हिस्सों में जलभराव और जनजीवन प्रभावित हुआ है, हालांकि जलाशय का छलकना लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. तांदुला क्षेत्र में तांदुला और सूखा जलाशय यानी गोंदली, दो बड़े जलाशय हैं. दोनों में पर्याप्त पानी भरने पर ओवरफ्लो से झरने जैसा दृश्य दिखाई देता है.

जिला मुख्यालय से सटा तांदुला जलाशय बालोद के अलावा दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा और भिलाई क्षेत्र के लिए पेयजल का प्रमुख स्रोत बताया गया है.