दीपावली से पहले बलौदाबाजार नगर में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए फ्लैग मार्च निकाला. पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर जिलेभर में पुलिस की मुस्तैदी बढ़ाई गई है. फ्लैग मार्च में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे.

पुलिस बल ने नगर के प्रमुख रास्तों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों का दौरा किया. प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है. त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.

पुलिस ने लोगों से दीपावली शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि शांति भंग करने, हुड़दंग मचाने या कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने लोगों से घरों में मिट्टी के दीये जलाने की अपील की, ताकि स्थानीय कुम्हारों और शिल्पकारों को प्रोत्साहन मिल सके.

कलेक्टर ने हरित पटाखों का इस्तेमाल करने और पटाखे जलाते समय सुरक्षा का ध्यान रखने की सलाह दी. उन्होंने लोगों से स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने की अपील की.