बलौदाबाजार जिले में लगातार बारिश और गंगरेल बांध के 14 गेट खोले जाने के बाद महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. पलारी तहसील के बिजराडीह गांव में सब्जी की बाड़ियों में सो रहे कई परिवार बाढ़ के पानी के बीच करीब 15 घंटे तक फंसे रहे. नगर सेना की टीम ने नाव की मदद से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला.
बिजराडीह निवासी धर्मेंद्र सायतोड़े के मुताबिक, वह अपनी पत्नी नीलम और छह महीने की बेटी योगिता के साथ बाड़ी में सो रहे थे. रात करीब 1 बजे पानी घुसने पर उनकी नींद खुली. कुछ ही देर में पानी घुटनों से कमर तक पहुंच गया और इसके बाद जलस्तर तेजी से बढ़ता गया. नीलम ने ठंड और पानी से बचाने के लिए बच्ची को पूरी रात सीने से लगाए रखा.
बाड़ी में बच्चों, महिलाओं और अन्य ग्रामीणों समेत कई लोग फंसे थे. पानी बढ़ने के दौरान लोग एक-दूसरे का हाथ पकड़कर खड़े रहे, ताकि तेज बहाव में कोई बह न जाए. रिपोर्ट के अनुसार, बच्चों को भूख और ठंड का सामना करना पड़ा. बाढ़ के पानी में वहां खड़े बैल और ट्रैक्टर डूब गए, जबकि करीब 25 सब्जी बाड़ियों और धान की फसल को नुकसान पहुंचा है. दोपहर तक पानी 7 से 8 फीट तक पहुंच गया था.
रेस्क्यू टीम ने पहले बच्चों और महिलाओं को बाहर निकाला. इसके बाद बुजुर्गों और पुरुषों को सुरक्षित स्थान पर लाया गया.
मोहान और अमेठी में भी बढ़ा खतरा
मोहान गांव का गोठान पूरी तरह डूब गया है और करीब 12 फीट ऊंचा गोठान सेट भी पानी में समा गया. निचली बस्ती से करीब 30 लोगों को पंचायत भवन लाया गया था, लेकिन वहां भी पानी पहुंच गया. ग्रामीणों के अनुसार, 2003 के बाद पहली बार महानदी का पानी गांव तक पहुंचा है. करीब 700 ग्रामीणों को भवानीपुर स्कूल में बनाए जा रहे अस्थायी राहत शिविर में भेजने की तैयारी है.
महानदी किनारे बसे अमेठी गांव के चारों ओर भी पानी भर गया है. खैरा नाला उफान पर है और गांव में करीब 2 किलोमीटर तक पानी फैला हुआ है. पलारी के एसडीएम दीपक निकुंज के अनुसार, स्थिति बिगड़ने पर ग्रामीणों को भवानीपुर के राहत शिविर में शिफ्ट किया जाएगा.
जिला प्रशासन के मुताबिक, अब तक करीब 150 लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है. अमेठी घाट में पुल से करीब 12 फीट ऊपर पानी बहने के कारण जिले के 14 पुल-पुलियों पर आवाजाही बंद कर दी गई है. प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले, पुल और चेक डेम के पास नहीं जाने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है. आपात स्थिति में जिला कंट्रोल रूम के नंबर 07727222454 पर संपर्क किया जा सकता है.
