बलौदाबाजार जिले के ग्राम टोनाटार में 50 वर्षीय महिला रोहिणी बाई बंजारे की घर के अंदर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, महिला के शरीर पर धारदार हथियार से कई वार के निशान मिले हैं. घटना के बाद से उसका पति लखन लाल लापता है. इस वजह से पुलिस उसकी तलाश कर रही है, लेकिन अभी उसे आरोपी नहीं बताया गया है.
पुलिस के मुताबिक, वारदात 10 और 11 अक्टूबर की दरमियानी रात की है. उस समय महिला और उसका पति घर में मौजूद थे. सुबह घर के अंदर महिला का शव मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना पर भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एसपी गौरव राय के निर्देश पर थाना प्रभारी हेमंत पटेल के नेतृत्व में टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
पुलिस को हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद या आपसी रंजिश की आशंका है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम, पूछताछ और अन्य जांच के बाद ही हत्या की वजह और आरोपी के बारे में स्थिति स्पष्ट होगी. घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई.
