बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजगंज का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों से पढ़ाई, सिलेबस और उनकी तैयारी को लेकर बातचीत की. कलेक्टर ने सवाल पूछकर विद्यार्थियों की प्रगति भी जानी.
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर 11वीं की जीवविज्ञान कक्षा में पहुंचे और ब्लैकबोर्ड पर ‘मैंगिफेरा इंडिका’ लिखा. विद्यार्थियों से इसका वैज्ञानिक नाम पूछा गया, जिस पर उन्होंने सही उत्तर देते हुए इसे आम का वैज्ञानिक नाम बताया. कलेक्टर ने विद्यार्थियों की सराहना की और मेहनत को सफलता का आधार बताया.
इसके बाद 11वीं कला की कक्षा में ग्लोब की मदद से अलग-अलग देशों की भौगोलिक स्थिति समझाई गई. विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई, पुराने प्रश्नपत्रों के अभ्यास और समय के सही इस्तेमाल की सलाह दी गई. उन्हें अच्छे अंक हासिल कर परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया.
शिक्षकों को दोहराव और प्रायोगिक कार्य के निर्देश
कलेक्टर ने प्राचार्य को कक्षाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से पढ़ाए जा चुके पाठों का दोहराव कराया जाए और बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को पुराने प्रश्नपत्र हल करवाए जाएं, ताकि वे परीक्षा के पैटर्न को समझ सकें.
विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के लिए नियमित प्रायोगिक कार्य कराने और विषयों को सरल तरीके से पढ़ाने पर भी जोर दिया गया. कलेक्टर ने कहा कि शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों का नियमित अभ्यास बेहतर परीक्षा परिणाम की नींव है.
इसी दौरान रामानुजगंज के गांधी मैदान में सर्व हिंदू समाज की ओर से दीप उत्सव और नवदुर्गा स्वरूप पूजन समारोह आयोजित किया गया. आयोजन में सैकड़ों दीप जलाए गए और श्रद्धालुओं ने देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की. युवाओं और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की व्यवस्थाएं संभालीं.
