बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सरकारी योजनाओं और निर्माण कार्यों की जमीनी स्थिति की समीक्षा के दौरान कई कमियां सामने आईं. कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शंकरगढ़ विकासखंड के मानपुर, बेलकोना और पोड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को अधूरे कार्य जल्द पूरा कराने और योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए.

नल-जल योजनाएं जल्द शुरू कराने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कुछ गांवों में नल-जल योजनाएं बंद मिलीं, जबकि कुछ स्थानों पर काम अधूरा पाया गया. ग्रामीणों को घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संचालित इन योजनाओं की स्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई. उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को बंद योजनाओं को शीघ्र चालू कराने और अधूरे काम तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए.

कलेक्टर ने सभी घरों तक पानी पहुंचाने को प्राथमिकता देने और पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने पर जोर दिया.

हरिगलेटा मार्ग की सड़क की गुणवत्ता पर सवाल

ग्राम पंचायत बेलकोना के हरिगलेटा पहुंच मार्ग पर प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बन रही सड़क का भी निरीक्षण किया गया. सड़क निर्माण की गुणवत्ता खराब मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई. उन्होंने जिम्मेदार निर्माण एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए.

कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाना चाहिए. निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन छात्रावास भवन और ग्राम पंचायतों में चल रहे अन्य विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई.

इस दौरान शंकरगढ़ एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो, जनपद पंचायत सीईओ वेद प्रकाश पांडेय, नायब तहसीलदार गजराज सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे.