बलरामपुर जिले के चलगली क्षेत्र में मोरन नदी पर उच्चस्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण की शुरुआत के लिए भूमिपूजन किया गया. ग्राम कपिलदेवपुर में आयोजित कार्यक्रम में आदिम जाति विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने परियोजना का भूमिपूजन किया.

लोक निर्माण विभाग के सेतु संभाग, अंबिकापुर की ओर से कपिलदेवपुर-बसेरा मार्ग पर यह पुल बनाया जाएगा. परियोजना के लिए 591.04 लाख रुपये यानी करीब 5.91 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है.

144 मीटर लंबा होगा पुल

निर्माण योजना के मुताबिक, मोरन नदी पर बनने वाला पुल 144 मीटर लंबा और 8.40 मीटर चौड़ा होगा. इसमें 24-24 मीटर के छह स्पैन बनाए जाएंगे. पुल की नींव के लिए पाइल फाउंडेशन तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. दोनों छोरों पर कुल 271 मीटर लंबा पहुंच मार्ग भी प्रस्तावित है.

पुल बनने से चलगली क्षेत्र के 12 से 15 गांवों के करीब 15 से 20 हजार ग्रामीणों को लाभ मिलने का अनुमान है. अभी नदी पार करने और जिला मुख्यालय तक पहुंचने में ग्रामीणों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है. परियोजना पूरी होने के बाद बलरामपुर की दूरी करीब 15 किलोमीटर कम होने की बात कही गई है. इससे स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और रोजगार से जुड़े अवसरों तक पहुंच आसान हो सकती है.

कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि पुल के अभाव में क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से आवागमन की समस्या झेल रहे थे. उन्होंने बताया कि चलगली-रामानुजगंज सड़क को भी मंजूरी मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण शुरू किया जाएगा. चलगली को बलरामपुर और वाड्रफनगर से जोड़ने के लिए व्यापक कार्ययोजना पर भी काम चल रहा है. कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे.