छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में बारिश के मौसम में स्कूल पहुंचना दो महिला शिक्षिकाओं के लिए रोज की चुनौती बन जाता है. वाड्रफनगर ब्लॉक के धौरपुर गांव की प्राथमिक शाला में तैनात शिक्षिकाओं को स्कूटर एक जगह खड़ा करने के बाद करीब 3 किलोमीटर का पथरीला और ऊबड़-खाबड़ रास्ता पैदल तय करना पड़ता है. इसके बाद उन्हें मोरन और इरिआ नदियों के संगम को पार करना होता है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिक्षिका संध्या हलदर कई बार अपनी 9 महीने की बेटी को गोद में लेकर नदी पार करती हैं. उनका कहना है कि पानी कभी कमर तो कभी पेट तक पहुंच जाता है. ऐसे हालात में बच्ची को संभालकर नदी पार करना बेहद कठिन और डरावना होता है. पानी ज्यादा बढ़ने पर वह जोखिम नहीं उठातीं और वापस लौटना पड़ता है.

संध्या के लिए स्कूल पहुंचना केवल नौकरी की जिम्मेदारी नहीं है. वह बताती हैं कि जब किसी कारण से स्कूल नहीं पहुंच पातीं, तो उन्हें बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने का दुख होता है. उनके अनुसार, बच्चे शिक्षिकाओं को देखकर खुश हो जाते हैं और उनके पहुंचने का इंतजार करते हैं.

2014 से इसी रास्ते से स्कूल जा रहीं कर्मिला

स्कूल में तैनात दूसरी शिक्षिका कर्मिला टोप्पो भी इसी रास्ते से स्कूल जाती हैं. वह 2014 से वहां तैनात हैं और हर बारिश में करीब 3 किलोमीटर पैदल चलकर नदी पार करने की चुनौती का सामना करती हैं. पानी का स्तर बढ़ने पर उन्हें भी लौटना पड़ता है, जिससे उस दिन स्कूल पहुंचना संभव नहीं हो पाता.

बारिश में धौरपुर तक पहुंचने का रास्ता सामान्य दिनों से काफी कठिन हो जाता है. एक ओर पथरीला पहाड़ी रास्ता है और दूसरी ओर नदी का बहाव. इन परिस्थितियों में शिक्षिकाओं के लिए स्कूल पहुंचना इस बात पर निर्भर करता है कि उस दिन नदी का पानी कितना बढ़ा है.

कलेक्टर ने शिक्षिकाओं की सराहना की

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी को जब इस स्थिति की जानकारी मिली, तो उन्होंने शिक्षिकाओं के समर्पण की सराहना की. उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे को साथ लेकर बारिश में नदी पार कर स्कूल पहुंचने वाली शिक्षिका की मेहनत और लगन प्रशंसनीय है तथा ऐसी शिक्षिका का सम्मान पूरे जिले के लिए गर्व की बात है.