उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के नरैनी थाना क्षेत्र में कथित प्रेम संबंध को लेकर एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, मृतक बरकत का इलाके की एक महिला से करीब दो साल से कथित संबंध था. महिला के बेटों ने इसका विरोध किया था और इसी विवाद के बाद हत्या की साजिश रची गई.

मामला बरछा गांव का है. 5 सितंबर की सुबह बागेन नदी में एक युवक का शव मिला था. मृतक की पहचान नरैनी थाना क्षेत्र के नहरी गांव निवासी बरकत के रूप में हुई. पुलिस के अनुसार, शव पर चोट के कई निशान थे. परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी.

पुलिस जांच में प्रेम संबंध का एंगल सामने आया

पुलिस ने मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की थीं. आसपास के लोगों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ी. पुलिस का दावा है कि इस दौरान बरकत के कथित प्रेम संबंध की जानकारी सामने आई.

पुलिस के मुताबिक, महिला करीब 50 वर्ष की है और तीन बच्चों की मां है. जांच में सामने आया कि उसके दोनों बेटों ने पहले अपनी मां और बाद में बरकत को इस संबंध से दूर रहने के लिए कहा था. आरोप है कि बरकत ने उन्हें धमकी दी थी कि वे रास्ते से नहीं हटे तो वह उनके ऊपर ट्रक चढ़ा देगा. पुलिस के अनुसार, इसी धमकी के बाद दोनों बेटों ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई.

बांके से हमला करने का पुलिस का दावा

जांच के मुताबिक, जन्माष्टमी की रात बरकत महिला से पैसे लेने और मोबाइल-सिम से जुड़ी बात करने के लिए गांव आया था. पुलिस का कहना है कि इसी दौरान महिला के बेटे चुनबदा और रामबाबू ने अपने चचेरे भाई अरुण के साथ मिलकर उस पर हमला किया.

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बरकत के गले और चेहरे पर बांके से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद शव को बाइक पर रखा गया और करीब 20 किलोमीटर दूर ले जाकर बाइक समेत नदी के पुल से नीचे फेंक दिया गया. पुलिस का दावा है कि आरोपियों का उद्देश्य घटना को सड़क हादसे जैसा दिखाना था.

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार और नदी से बाइक बरामद की गई है. मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. आरोपियों पर लगे आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा.