थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में लगातार भारी बारिश के कारण सभी 50 जिलों को बाढ़ आपदा क्षेत्र घोषित किया गया है. अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार दोपहर से राजधानी में करीब 300 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है.

लगातार बारिश से सड़कों पर पानी भर गया है और शहर की कई नहरें अपनी क्षमता तक पहुंच गई हैं. इसके चलते नहरों के किनारे बसे घरों, दुकानों और रेस्तरां में पानी घुसने की खबर है. पूर्वी बैंकॉक सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में शामिल है.

बाढ़ के कारण कई जगहों पर आवाजाही मुश्किल हुई है. प्रशासन पंपों और जल निकासी व्यवस्था के जरिए पानी निकालने की कोशिश कर रहा है, लेकिन नहरों के भर जाने से जल निकासी प्रभावित हो रही है.

निचले और नहर किनारे के इलाकों में रहने वाले लोगों को अपना सामान ऊंचे स्थानों पर रखने और स्थानीय चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है. बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपुंट ने घर पर जीवनरक्षक चिकित्सा उपकरणों पर निर्भर लोगों को जरूरत पड़ने पर अस्थायी रूप से अस्पताल जाने पर विचार करने को कहा है.

थाई मौसम विभाग ने 24 से 27 सितंबर के बीच बैंकॉक समेत कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी.