केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बैंक भर्ती परीक्षाओं में कथित फर्जीवाड़े की जांच के दौरान 257 संदिग्ध उम्मीदवारों की पहचान की है. इनमें 172 लोग अलग-अलग बैंकों में नौकरी कर रहे हैं. जांच एजेंसी ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 135 लोगों को आरोपी बनाया गया है.

यह कार्रवाई मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार, हरियाणा और पश्चिम बंगाल में की गई है. अधिकारियों के अनुसार, CBI की स्पेशल टास्क ब्रांच, मुंबई ने 8 अक्टूबर को कई राज्यों में एक साथ छापे मारे. यह मामला इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनेल सिलेक्शन (IBPS) की शिकायत पर दर्ज FIR के बाद शुरू हुआ.

जांच में सामने आया कि कुछ अभ्यर्थियों की जगह दूसरे लोगों ने बैंक भर्ती प्रक्रिया के अलग-अलग चरणों में परीक्षा और इंटरव्यू दिए. इसके लिए उम्मीदवारों की तस्वीरों और बायोमेट्रिक रिकॉर्ड की दोबारा जांच की गई.

पांच साल पुराने रिकॉर्ड से हुई पहचान

CBI ने 2020 से 2024 के बीच हुई भर्ती परीक्षाओं के रिकॉर्ड दोबारा खंगाले. परीक्षा के दौरान लिए गए आइरिस स्कैन यानी आंखों की पहचान संबंधी रिकॉर्ड का मिलान किया गया. कुछ स्कैन गिरफ्तार आरोपियों से मेल खाए, जबकि रिकॉर्ड में वही पहचान उन अभ्यर्थियों की थी, जिन्हें बाद में बैंक में नौकरी मिली.

IBPS ने कार्यरत कर्मचारियों समेत अन्य संदिग्ध उम्मीदवारों को भी अपनी परीक्षाओं से आजीवन डिबार कर दिया है. संबंधित बैंकों को अपने सेवा नियमों के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. मध्य प्रदेश में जांच के बाद एक ग्रामीण बैंक के 19 कर्मचारियों को निलंबित किया जा चुका है.

CBI अब देशभर में ऐसे अन्य मामलों और कथित फर्जी अभ्यर्थियों की तलाश कर रही है. नौकरी से संबंधित आगे की कार्रवाई और गिरफ्तारी का फैसला जांच तथा संबंधित बैंकों की प्रक्रिया के आधार पर होगा.