देशभर में सार्वजनिक क्षेत्र और कुछ निजी बैंकों की शाखाओं में शुक्रवार को सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना है. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था समेत कई मांगों को लेकर एक दिन की हड़ताल का आह्वान किया है. इसके बाद 12 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण शाखाएं लगातार तीन दिन बंद रहेंगी.

बैंकिंग संगठनों के अनुसार, हड़ताल के दौरान शाखा स्तर की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. हालांकि, UPI, मोबाइल बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है. ग्राहकों को नकद निकासी, चेक और शाखा में होने वाले अन्य काम पहले से निपटाने की सलाह दी गई है.

पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग

UFBU का कहना है कि 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ हुए 12वें द्विपक्षीय समझौते और नौवें संयुक्त नोट में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था पर सहमति बनी थी. प्रस्ताव के तहत सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना 40 मिनट अतिरिक्त काम करने के बदले हर शनिवार अवकाश देने की बात है. मौजूदा व्यवस्था में दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है. यूनियन का दावा है कि IBA ने प्रस्ताव को मंजूरी देकर केंद्र सरकार को भेजा, लेकिन वित्त मंत्रालय से अब तक अंतिम मंजूरी नहीं मिली है.

PLI गाइडलाइंस और अन्य मांगें

यूनियनों ने वित्तीय सेवा विभाग की नई प्रदर्शन-आधारित प्रोत्साहन (PLI) गाइडलाइंस पर भी आपत्ति जताई है. उनके अनुसार, स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों को व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर 365 दिनों तक के मूल वेतन के बराबर PLI मिल सकता है, जबकि वर्कमैन और स्केल I से III के कर्मचारियों के लिए अधिकतम 15 दिन के मूल वेतन और महंगाई भत्ते का प्रावधान है. UFBU सभी कर्मचारियों के लिए बैंक के सामूहिक प्रदर्शन पर आधारित समान प्रोत्साहन की मांग कर रहा है.

यह विवाद मुख्य श्रम आयुक्त के समक्ष सुलह प्रक्रिया में लंबित बताया गया है और दिल्ली हाईकोर्ट में भी चुनौती दी गई है. यूनियनों ने पेंशन अपडेट, समान महंगाई भत्ता फॉर्मूला और NPS कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में जाने का विकल्प देने की मांग भी उठाई है. मांगें नहीं मानी गईं तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है.