जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर इलाके में पुलिस ने हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, यह बरामदगी मुकाम चेहरहार के जंगल में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान हुई.

पुलिस को सोपोर पुलिस से मिले विशेष खुफिया इनपुट के आधार पर कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) शुरू किया गया था. तलाशी के दौरान बड़े पत्थर के नीचे छिपा एक नीला ड्रम और एक बैग मिला. संदिग्ध विस्फोटक सामग्री की जांच और उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया.

बरामद सामग्री में राइफल और IED शामिल

पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान में एक AK-47 और एक AK-76 असॉल्ट राइफल, सात मैगजीन और उनका गोला-बारूद शामिल है. इसके अलावा चार पिस्तौल, चार मैगजीन और संबंधित कारतूस भी मिले हैं. मौके से एक मल्टी-ग्रेनेड लॉन्चर और उसके पांच राउंड बरामद किए गए.

तलाशी में 11 हैंड ग्रेनेड, रिमोट कंट्रोल से जुड़े तीन IED, आठ डेटोनेटर और दो टाइमर भी मिलने की जानकारी दी गई है. पुलिस ने IED से जुड़े अन्य सामान में Y-SMS सेट, प्राइमा कॉर्ड्स, तार, बैटरी सेल और दूसरे कंपोनेंट्स का भी उल्लेख किया है.

UAPA और विस्फोटक कानून के तहत केस

पुलिस ने बताया कि इस मामले में बोमई थाने में FIR नंबर 66/2026 दर्ज की गई है. केस में UAPA की धाराओं 13, 18, 20 और 23 के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं 7/25 तथा Explosive Substances Act की धारा 5 लगाई गई हैं.

पुलिस के अनुसार, हथियारों और विस्फोटक सामग्री का स्रोत, मालिकाना हक और उन्हें जंगल में छिपाने वालों की पहचान की जा रही है. संभावित आतंकी कनेक्शन और इस बरामदगी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है.