उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस ने बिना वैध लाइसेंस आयुर्वेदिक उत्पाद बेचने और भ्रामक ऑनलाइन विज्ञापन चलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी एक फर्जी दवा कंपनी के नाम से ग्राहकों से ऑर्डर लेते थे और उत्पादों को कैश ऑन डिलीवरी के जरिए भेजते थे.
बारादरी पुलिस ने शनिवार को यादगार रेस्टोरेंट के पास स्थित एक फर्म पर छापा मारा. अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारीक के मुताबिक, पुलिस को इस अवैध गतिविधि की सूचना मिली थी. कार्रवाई के दौरान मौके से 75 पैकेट संदिग्ध नकली दवाएं, फर्जी बिल और शिपिंग लेबल बरामद किए गए.
बरामद उत्पादों में ‘Diabo Diabetic Powder’ और ‘Brahm Sugar Care’ नाम से बेचे जा रहे पैकेट शामिल हैं. पुलिस ने जादोपुर, भोजीपुरा निवासी साजिद मलिक, एजाज नगर गौटिया निवासी इस्लाम और पशुपति विहार निवासी मोहम्मद जफर को गिरफ्तार किया है.
वेबसाइट और सोशल मीडिया विज्ञापनों से लिए जाते थे ऑर्डर
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से कॉल सेंटर चला रहे थे. वेबसाइट और फोन कॉल के जरिए ऑर्डर लिए जाते थे. ग्राहकों का भरोसा जीतने के लिए अलग-अलग कंपनियों के नाम पर कथित तौर पर फर्जी बिल बनाए जाते थे.
जांच में सामने आया कि Facebook पर ऐसे विज्ञापन चलाए जाते थे, जिनमें बीमारियों को केवल तीन दिन में ठीक करने का दावा किया जाता था. पुलिस के अनुसार, इस्लाम ने Shopify पर वेबसाइट बनाई थी और उसी के जरिए ऑर्डर लेकर पार्सल भेजे जाते थे.
पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, उत्पादों, बिल और शिपिंग लेबल को जांच के लिए कब्जे में लिया है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66D के तहत FIR दर्ज की गई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कितने लोगों को उत्पाद बेचे गए और नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं.
