पंजाब पुलिस ने बठिंडा कैंट में स्थित सैन्य प्रतिष्ठानों की कथित जासूसी के मामले में फिरोजपुर जिले के जखरावां गांव निवासी सतनाम सिंह उर्फ सत्तू को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई काउंटर इंटेलिजेंस विंग और मिलिट्री इंटेलिजेंस ने संयुक्त रूप से की.

पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि सतनाम पाकिस्तान स्थित कई संदिग्ध ISI ऑपरेटिव्स के संपर्क में था. आरोप है कि वह उनके निर्देश पर बठिंडा छावनी के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सैन्य प्रतिष्ठानों की जानकारी और लोकेशन साझा कर रहा था. एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कौन-कौन सी जानकारी जुटाई गई और उसे सीमा पार किस तरह भेजा गया.

इस मामले में बठिंडा के सिविल लाइंस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 113(3) और 152 के अलावा Official Secrets Act की धारा 3 के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ फिरोजपुर जिले में पहले भी तीन FIR दर्ज हैं. मामले में एक अन्य संदिग्ध के फरार होने की बात सामने आई है और उसकी तलाश जारी है. आरोपों की जांच अभी चल रही है.