बठिंडा में आयोजित ‘यूथ रन पंजाब-2026’ में करीब 20,000 युवाओं और खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का फोकस नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और खेल व फिटनेस को बढ़ावा देने पर रहा. आयोजकों ने इसे मुख्यमंत्री भगवंत मान की ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ मुहिम से जोड़कर देखा.
दौड़ में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी भाग लिया. आयोजकों के अनुसार, विजेताओं को 11,000 रुपये तक की नकद राशि दी गई, जबकि सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट और पार्टिसिपेशन मेडल मिले.
मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मण ने कहा कि यह इस श्रृंखला की तीसरी मैराथन है. उनके मुताबिक, श्रृंखला की शुरुआत मोहाली से हुई थी और बठिंडा में करीब 20,000 लोगों ने भाग लिया. उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों की संख्या पंजाब में खेल, फिटनेस और नशामुक्त भविष्य को लेकर संदेश देती है.
घुम्मण ने बताया कि आने वाले समय में पटियाला और लुधियाना में भी मैराथन आयोजित की जाएगी. उन्होंने लोगों से युवाओं को नशे के बजाय खेल और फिटनेस चुनने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की.
