बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश तेज होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने 25 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ समेत कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी आशंका है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश-आंधी की चेतावनी
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना है. वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, आजमगढ़, मिर्जापुर, गाजीपुर, बलिया, सोनभद्र, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, गोंडा, बहराइच और आसपास के कई जिलों में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है. बिहार में 25 सितंबर को कई हिस्सों में व्यापक बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का अनुमान है.
झारखंड के रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. राज्य के 11 अन्य जिलों में येलो अलर्ट है.
मध्य भारत और महाराष्ट्र में असर
पश्चिमी व पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है. महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. भंडारा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली और गोंदिया के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
तटीय इलाकों में मछुआरों को सलाह
पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई हिस्सों में 25 सितंबर से शनिवार तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. तटों के पास हवा की गति 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटों के पास मछुआरों को शुक्रवार तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है.
दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और चंडीगढ़ में 25 सितंबर को बिखरी हुई बारिश हो सकती है. इन इलाकों में बारिश का असर 29 सितंबर तक बने रहने का अनुमान है. राजस्थान में 27 सितंबर तक बारिश जारी रह सकती है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 25 सितंबर को बारिश, गरज-चमक और आंधी की चेतावनी है. पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.
