बंगाल की खाड़ी में शनिवार को बना डिप्रेशन तेजी से मजबूत होकर बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, यह 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश तट के पास पहुंच सकता है और देर सुबह बापटला तथा विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यानम तट को पार करने की संभावना है.

तट पार करने के दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. इसके झोंके 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है और समुद्र में मौजूद नौकाओं को तुरंत तट पर लौटने को कहा है. यह पाबंदी 29 अक्टूबर तक लागू रखने की सलाह दी गई है.

26 से 29 अक्टूबर तक बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, 26, 27 और 28 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और रायलसीमा में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. 27 और 28 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है. 29 अक्टूबर को भी तटीय आंध्र प्रदेश और यानम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है.

पूर्वानुमान के अनुसार, सिस्टम 25 अक्टूबर तक पहले लगभग दक्षिण दिशा में बढ़ेगा और डीप डिप्रेशन में बदल सकता है. इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में मुड़कर 26 अक्टूबर की सुबह चक्रवाती तूफान और 27 अक्टूबर की सुबह गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान है.

लगभग 30 हजार नौकाएं तट पर लौटीं

शनिवार शाम डिप्रेशन अंडमान द्वीपसमूह के श्री विजय पुरम से करीब 510 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम और विशाखापत्तनम से लगभग 820 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में था.

आंध्र प्रदेश में स्थिति पर नजर रखने के लिए नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं. राज्य में 29,952 मछली पकड़ने वाली नौकाएं सुरक्षित रूप से लैंडिंग सेंटर लौट चुकी थीं, जबकि 91 नौकाएं वापस आ रही थीं. मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को सतर्क रहने और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को समय रहते चेतावनी देने का निर्देश दिया है.