बिहार के बेगूसराय जिले में तेघड़ा थाना क्षेत्र के पिढ़ौली पंचायत स्थित जमींदारी बांध के पास एक अज्ञात युवती का शव मिला है. पुलिस के मुताबिक, करीब 22 वर्ष की युवती का शव 15 सितंबर की सुबह बांध के नीचे पानी के किनारे पड़ा मिला. एक सप्ताह के भीतर इसी थाना क्षेत्र में अज्ञात युवती का शव मिलने का यह दूसरा मामला है.
स्थानीय युवक सुबह टहलने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दौड़ लगाने निकले थे. इसी दौरान उनकी नजर शव पर पड़ी. सूचना मिलने के बाद तेघड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया.
पुलिस के शुरुआती आकलन के अनुसार, शव दो से तीन दिन पुराना हो सकता है. युवती ने चेकदार फुल शर्ट और जींस पहन रखी थी, जबकि उसकी कमर पर स्टॉल लिपटा हुआ था. फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है.
एक सप्ताह पहले भी मिला था शव
इससे करीब एक सप्ताह पहले तेघड़ा थाना क्षेत्र की आधारपुर पंचायत के बिनलपुर में भी लगभग 26 वर्ष की अज्ञात युवती का शव मिला था. दोनों घटनास्थल कुछ दूरी पर हैं, लेकिन पुलिस अभी दोनों मामलों को अलग-अलग मानकर जांच कर रही है. दोनों शवों की पहचान कराने की कोशिश जारी है.
पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की है. मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी. शुरुआती जांच में शव के बहकर बांध तक आने की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शव बांध तक कैसे पहुंचा और आसपास के थानों में किसी युवती के लापता होने की शिकायत दर्ज है या नहीं.
