बेगूसराय में गंगा का जलस्तर बढ़ने के बीच चेचयाही बांध पर सड़क पार कर रहे चाचा-भतीजे तेज बहाव की चपेट में आ गए. हादसे में दोनों की डूबने से मौत हो गई. घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक को पानी में बहते और दूसरा उसे बचाने के लिए तेज बहाव में जाते दिखाई दे रहा है.

हादसा साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में हुआ. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पंचवीर वार्ड नंबर 7 निवासी अमित कुमार (17) और सोहन कुमार (18) साइकिल से अपनी बहन के यहां मीरअलीपुर गांव जा रहे थे. बांध पर सड़क पर घुटनों तक पानी जमा था और बहाव तेज था. रास्ता पार करने के दौरान पहले एक युवक बहने लगा. उसे बचाने की कोशिश में दूसरा युवक भी पानी में चला गया और दोनों बहाव में बह गए.

स्थानीय लोगों ने बरामद किए शव

दोनों को बहता देखकर आसपास के लोगों ने मदद के लिए आवाज लगाई और बचाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर तत्काल बचाव का साधन उपलब्ध नहीं था. बाद में स्थानीय लोगों की मदद से दोनों के शव बरामद किए गए. शुरुआत में शवों की पहचान नहीं हो सकी थी. एक शव के पास मिले मोबाइल फोन से परिजनों से संपर्क हुआ, जिसके बाद दोनों की पहचान अमित कुमार और सोहन कुमार के रूप में की गई.

घटना की सूचना मिलने पर साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया है. थाना अध्यक्ष के अनुसार, डूबने से दोनों युवकों की मौत हुई है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

परिजनों के मुताबिक, दोनों छात्र थे और इस वर्ष मैट्रिक की परीक्षा दे चुके थे. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों में इस रास्ते पर पानी बढ़ रहा था.