कर्नाटक के बेलगावी में मंगलवार सुबह एक घर में फ्रिज में ब्लास्ट के बाद आग लग गई. हादसे में परिवार की चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्र गंभीर रूप से झुलस गए. घटना चवत गली में रात करीब 2:30 बजे हुई.

मृतकों की पहचान गंगा डामोने, शारदा डामोने, प्रिया डामोने और भारती डामोने के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, आग तेजी से पूरे घर में फैल गई और अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके. चारों महिलाओं की मौत जलने से हुई और उनके शव मौके पर ही मिले.

पिता-पुत्र अस्पताल में भर्ती

बेलगावी पुलिस कमिश्नर प्रकाश निकम के अनुसार, गजानन डामोने और उनके बेटे रोशन डामोने आग में झुलस गए. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गजानन करीब 80 प्रतिशत, जबकि रोशन करीब 40 प्रतिशत झुलसे हैं.

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. हादसे में बचे रोशन ने शॉर्ट सर्किट जैसी आवाज सुनने की बात बताई है.

घटनास्थल पर FSL टीम और HESCOM यानी हुबली इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी लिमिटेड के अधिकारी जांच कर रहे हैं. पोस्टमॉर्टम और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद चारों मृतकों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे.