बेमेतरा जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान औसतन 72.8 मिमी बारिश दर्ज की गई. लगातार बारिश और नदी-नालों के बढ़े जलस्तर के कारण कई इलाकों में जलभराव हुआ है. कई पुल-पुलियों के ऊपर पानी आने से प्रमुख मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हुई.
जिले में सबसे अधिक बारिश बेरला में 110.5 मिमी, भानखम्हरिया में 107.5 मिमी और भिंभौरी में 103.5 मिमी दर्ज की गई. इसके अलावा बेमेतरा में 62.1, दाढ़ी में 70.3, साजा में 90.7, देवकर में 40, नवागढ़ में 34.5 और नांदघाट में 36.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई.
कई मार्गों पर आवागमन प्रभावित
बारिश के बाद बेमेतरा-दुर्ग मार्ग पर समोदा नाला, बेरला-रायपुर मार्ग पर पठारीडी के पास खारुन नदी और साजा-थानखम्हरिया मार्ग पर नकटा नाला उफान पर बताया गया. रौद्रा-बगलेड़ी मार्ग पर डोटू नाला, बोरतरा-परपोड़ी मार्ग पर सुरही नदी और अन्य मार्गों पर भी पानी के कारण आवागमन प्रभावित हुआ. नवकेशा-देवकर-जलबांधा, थानखम्हरिया-सिलाटी और नवागढ़-भाठापारा मार्गों पर भी आवाजाही में परेशानी की जानकारी है.
लाटा में जलभराव को लेकर अलग-अलग दावे
लाटा गांव में ग्रामीणों ने 25 से अधिक घरों के प्रभावित होने की बात कही है. उनके अनुसार, खारुन नदी का पानी बढ़ने से राशन, घरेलू सामान और पशुओं का चारा भीग गया. वामन निषाद ने अपने घर में चार फीट से अधिक पानी भरने की बात कही, जबकि दादू निषाद ने पेयजल और आवागमन की समस्या बताई.
सरपंच होरीलाल यादव के अनुसार, चार लोगों को बाढ़ के पानी से निकालकर सुरक्षित किया गया और प्रभावित परिवारों के लिए पंचायत भवन खोलने की बात कही गई. तहसीलदार केशव राम वासनिक ने बताया कि एक फार्म हाउस में फंसी एक महिला और तीन पुरुषों को निकालकर स्कूल में ठहराया गया. हालांकि, उनके निरीक्षण के दौरान किसी घर में पानी घुसा नहीं मिला. राहत, भोजन और पेयजल को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के दावों में अंतर सामने आया है.
