बेमेतरा जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को मतदाता अधिकारों और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर ‘लोकतंत्र बचाओ’ पैदल मार्च निकाला. मार्च जिला कांग्रेस भवन से शुरू हुआ, जिसमें जिलाध्यक्ष आशीष छाबड़ा, पूर्व विधायक गुरुदयाल बंजारे समेत महिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए.
कार्यकर्ता भारत माता चौक से सदर रोड और शीतला मंदिर मार्ग होते हुए बाजार पहुंचे. यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन किया. पुतला जलाने के दौरान पुलिसकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, जबकि कार्यकर्ता पुतले को घेरे खड़े रहे. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी और खींचतान की स्थिति बनी रही. कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की.
अनुच्छेद 326 का वाचन
मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक वाचन किया. पार्टी नेताओं ने कहा कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिकों का मतदान अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है.
कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में बदलाव, चुनाव प्रक्रिया और SIR को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने इन मुद्दों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की. पार्टी ने कहा कि बेमेतरा का प्रदर्शन चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े सवालों को लेकर चलाए जा रहे उसके देशव्यापी विरोध अभियान का हिस्सा है.
जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि लोकतंत्र की ताकत जनता के वोट और उसके विश्वास में है. उनके मुताबिक, मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आरोपों पर राजनीतिक बहस के बजाय तथ्यों की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए. प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदाता अधिकार, संविधान और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा का संकल्प दोहराया.
