बेमेतरा शहर के वार्ड नंबर 15 नयापारा में घर पर हमला, धमकी और तोड़फोड़ के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने 13 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल पांच नाबालिगों को भी रिमांड पर लिया गया है. बालिग आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया.
आधी रात घर के पास पहुंचकर हंगामा
पुलिस के मुताबिक, घटना 10 नवंबर की रात करीब 1 बजे की है. नयापारा निवासी नागेश साहू (23) ने शिकायत में बताया कि कुछ लोग उसके घर के पास पहुंचे और मोहल्ले के लोगों को बाहर निकलने की धमकी देते हुए गाली-गलौज करने लगे. आरोप है कि लोहे की रॉड से उसके घर का दरवाजा तोड़ा गया और बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचाया गया. मोहल्ले के एक अन्य व्यक्ति के घर के दरवाजे में भी तोड़फोड़ की गई.
शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई. गिरफ्तार किए गए लोगों में मुखेन्द्र साहू, गौरव साहू, मोनिश साहू, अभिषेक साहू, देवेन्द्र निषाद, लक्की उर्फ प्रिंस यादव, साहिल रिजवी, मुकेश गुप्ता, ध्वज शर्मा, ध्वनि शर्मा, माधव शर्मा, नरसिंग यादव और राकेश उर्फ राहुल यादव शामिल हैं. नाबालिगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है.
हथियार और अन्य सामग्री जब्त
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से दो धारदार हथियार, स्टील पाइप और बांस का डंडा सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं. मामले में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराएं जोड़ी गई हैं. कार्रवाई के बाद पुलिस ने पैदल मार्च भी निकाला.
एसडीओपी भूषण एक्का ने बताया कि मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है.
