बेमेतरा जिले में अवैध अंग्रेजी शराब की सप्लाई के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. साइबर सेल, नांदघाट और चंदनू पुलिस की संयुक्त टीम ने दो मामलों में कुल 535 पौवा शराब जब्त की. पुलिस के अनुसार, शराब की बोतलों पर शासन का होलोग्राम नहीं था और कुछ शीशियों पर लगे रेपर कूटरचित पाए गए.

चंदनू थाना क्षेत्र के ग्राम उसलापुर में पुलिस ने दिलीप बंजारे के घर दबिश देकर 82 पौवा शराब बरामद की. पूछताछ में उसके बेमेतरा निवासी राजू साहू से शराब लाकर बेचने की बात सामने आने का दावा पुलिस ने किया. इसके बाद पुलिस ने राजू साहू से पूछताछ की, जिसमें सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आए.

पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर को नांदघाट थाना क्षेत्र के ग्राम नयापारा करमसेन में मोतीलाल साहू के घर से बिक्री के लिए रखी 453 पौवा शराब जब्त की गई. जांच में मोतीलाल साहू और डोमन उर्फ हर्ष निषाद के बिलासपुर के एक व्यक्ति से शराब खरीदकर सप्लाई करने की जानकारी सामने आई. इस मामले में बिलासपुर निवासी मनोज यादव को 2 नवंबर को गिरफ्तार किया गया. उसके कब्जे से सप्लाई में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और दो मोबाइल जब्त किए गए.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलीप बंजारे, राजू साहू, मोतीलाल साहू, डोमन निषाद उर्फ हर्ष और मनोज यादव के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, मनोज यादव से पूछताछ में राजा भाठिया का नाम सामने आया है. शराब कहां से लाई जा रही थी और नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच जारी है.

पुलिस ने ईको कार, स्कॉर्पियो, एक्टिवा और तीन मोबाइल समेत कुल 10 लाख 69 हजार 200 रुपए की संपत्ति जब्त करने की जानकारी दी है. आबकारी विभाग की जांच के बाद मामलों में आबकारी एक्ट के साथ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराएं जोड़ी गई हैं.