बेमेतरा जिले के देवकर पुलिस चौकी क्षेत्र के लालपुर गांव स्थित एक पोल्ट्री फार्म में मंगलवार देर रात ट्रक की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई. हादसे के समय अंडों से भरा ट्रक आगे बढ़ाया जा रहा था. पुलिस के अनुसार, चालक को वाहन के नीचे मजदूर के बैठे होने की जानकारी नहीं थी.
मृतक की पहचान गणेश्वर नेताम (38) के रूप में हुई है. वह मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के रेलवाही गांव के लक्ष्मण टोला का निवासी था. बताया गया है कि वह पोल्ट्री फार्म परिसर में ट्रक के निचले हिस्से के पास बैठा था. ट्रक आगे बढ़ने पर उसका पहिया गणेश्वर के ऊपर चढ़ गया. गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे की जानकारी ड्यूटी पर तैनात चौकीदार की नजर पड़ने के बाद हुई. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. देवकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. शव को पोस्टमार्टम के लिए साजा स्थित मर्चुरी भेजा गया.
पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के आरोप में अपराध दर्ज किया है. मामले में विवेचना जारी है. हादसे के बाद पोल्ट्री फार्म परिसर में शोक का माहौल रहा.
