बेमेतरा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में नवजात के अपहरण की शिकायत पुलिस जांच में फर्जी निकली. पुलिस के अनुसार, जेवरा-एस गांव की 20 वर्षीय महिला ने गर्भवती होने और प्रसव के बाद दो अज्ञात महिलाओं द्वारा नवजात को ले जाने की कहानी गढ़ी थी. मेडिकल जांच में गर्भावस्था या प्रसव की पुष्टि नहीं होने के बाद महिला ने परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में शिकायत को झूठा बताया.

महिला ने 3 अक्टूबर को नवागढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उसके मुताबिक, सास-ससुर और देवर मुंगेली जिले के दलपुरवा गांव में एक मरनी कार्यक्रम में गए थे, जबकि उसका पति दोपहर करीब 12:30 बजे बकरियां चराने तालाब की ओर गया था. महिला ने पुलिस को बताया था कि घर में अकेले रहने के दौरान दो महिलाएं आईं, प्रसव कराया और नवजात को अपने साथ ले गईं.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया. घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया. पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा महिला का मेडिकल परीक्षण कराया. जांच के दौरान कथित प्रसव और नवजात के मौजूद होने के दावे की पुष्टि नहीं हुई.

पुलिस के अनुसार ऐसे बनाई गई कहानी

पुलिस के मुताबिक, महिला शादी के बाद दो बार गर्भवती हुई थी और दोनों बार अबॉर्शन हुआ था. फरवरी 2026 में तीसरी बार गर्भ ठहरने के बाद भी अबॉर्शन हो गया. पुलिस का कहना है कि परिवार के सामने गलत साबित होने के डर से महिला खुद को गर्भवती बताती रही. इसके लिए वह साड़ी को दोहरा मोड़कर पहनती थी, जिससे पेट उभरा हुआ दिखाई दे.

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को महिला ने शरीर पर आलता-माहुर रंग लगाया और प्रसव होने जैसा दृश्य बनाया. पति के लौटने पर उसने बताया कि दो अज्ञात महिलाएं उसे दवा पिलाकर प्रसव कराने के बाद बच्चे को ले गईं.

मेडिकल रिपोर्ट और अन्य जांच तथ्यों के सामने आने के बाद महिला ने माता-पिता, पति, सास-ससुर और ग्रामीणों की मौजूदगी में स्वीकार किया कि न उसका प्रसव हुआ था और न कोई बच्चा चोरी हुआ था. पुलिस ने झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के मामले में उसके खिलाफ BNS की धारा 217 के तहत कार्रवाई की है.

जांच पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव के मार्गदर्शन और एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का के नेतृत्व में की गई. पुलिस ने लोगों से घटनाओं की सूचना देते समय सही तथ्य बताने की अपील की है.