बेमेतरा जिले के ग्राम राजकुड़ी में स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल बढ़ने की शिकायत सामने आई है. ग्रामीणों का दावा है कि पहले उनके घरों में करीब 200 से 300 रुपये तक का बिजली बिल आता था, लेकिन अब कई परिवारों को हजारों रुपये के बिल मिले हैं.
ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ उपभोक्ताओं को 64 हजार, 45 हजार और 40 हजार रुपये तक के बिल मिले हैं. इतनी बड़ी रकम आने से ग्रामीणों में नाराजगी है. उनका कहना है कि घरों में बिजली का सामान्य इस्तेमाल होने के बावजूद बिल असामान्य रूप से बढ़ गए हैं और उनकी आमदनी इतनी नहीं है कि वे इनका भुगतान कर सकें.
बिजली कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
शुक्रवार को राजकुड़ी के ग्रामीण बिजली कार्यालय पहुंचे और सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा. उन्होंने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने की मांग की. ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब पहले बिजली बिल कुछ सौ रुपये आता था, तो स्मार्ट मीटर लगने के बाद इतनी बड़ी राशि कैसे दर्ज हो गई.
ग्रामीण लीलाराम निषाद के अनुसार, रतीराम निषाद को 64 हजार रुपये, विशाल साहू को 45 हजार रुपये और नरेश यादव को 40 हजार रुपये का बिल मिला है. सावित्रीबाई ने भी अपने घर का बिल 64 हजार रुपये आने की बात कही और पुराने मीटर लगाने की मांग की.
तीन दिन में होगी मीटरों की जांच
सहायक अभियंता गुलाब राम साहू ने बताया कि ग्रामीण अधिक बिजली खपत दर्ज होने की शिकायत लेकर पहुंचे थे. उन्होंने संबंधित मीटरों की अगले तीन दिनों में जांच कराने का भरोसा दिया है. विभाग मीटर रीडिंग और बिलों का मिलान भी करेगा.
जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि अधिक बिल का कारण मीटर की तकनीकी गड़बड़ी, बिल बनाने में हुई त्रुटि या वास्तविक बिजली खपत है. विभाग ने कहा है कि जांच में जो भी गड़बड़ी सामने आएगी, उसके आधार पर जरूरी सुधार किया जाएगा.
