बेंगलुरु विकास प्राधिकरण (BDA) ने शहर के 77 BDA पार्कों और आवासीय परिसरों में 1,441 बारिश का पानी सहेजने वाले परकोलेशन वेल पूरे किए हैं. BDA के अनुमान के मुताबिक ये ढांचे हर साल 184.59 मिलियन लीटर यानी करीब 18.459 करोड़ लीटर पानी को जमीन में पहुंचाने में मदद करेंगे.

इन कुओं को BDA के अध्यक्ष एन.ए. हारिस ने गुरुवार को नादप्रभु केम्पेगौड़ा लेआउट के चौथे ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में संबंधित BDA अधिकारियों को सौंपा. अब इनके रखरखाव और देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी.

फरवरी 2025 से फरवरी 2026 तक चला प्रोजेक्ट

‘वन बिलियन ड्रॉप्स (OBD) – ग्राउंडवॉटर रिचार्ज थ्रू परकोलेशन वेल्स’ परियोजना यूनाइटेड वे ऑफ बेंगलुरु (UWBe) ने BDA के सहयोग से लागू की. परियोजना फरवरी 2025 से फरवरी 2026 के बीच पूरी की गई.

BDA के अनुसार, इस पहल से सतही जल बहाव कम करने, भूजल रिचार्ज बढ़ाने और बाढ़ के जोखिम को घटाने में मदद मिल सकती है. प्राधिकरण ने इसे शहर की जल सुरक्षा और जलवायु-लचीलापन बढ़ाने वाली पहल बताया है. परियोजना से करीब 82,300 लोगों को लाभ मिलने का अनुमान है.

हारिस ने कहा कि बेंगलुरु की जल सुरक्षा इस बात पर निर्भर करती है कि शहर पानी का संरक्षण और रिचार्ज कितनी प्रभावी तरीके से करता है. उनके मुताबिक, परकोलेशन वेल भूजल को रिचार्ज करने और शहर को भविष्य की जल चुनौतियों के लिए अधिक सक्षम बनाने में मदद करेंगे.

भूवैज्ञानिक और GIS आकलन के आधार पर चुनी गई जगहें

BDA के मुताबिक, कुओं के लिए स्थान चुनने से पहले भूवैज्ञानिक और GIS आधारित आकलन किए गए. इसमें पानी के जमीन में समाने की क्षमता, बारिश के पानी के बहाव का पैटर्न, उपलब्ध खुली जगह और रखरखाव की व्यवहारिकता जैसे पहलुओं को देखा गया.

इन संरचनाओं की सामान्य गहराई करीब 12 फीट है. इनके निर्माण में कंक्रीट रिंग, एग्रीगेट पैकिंग, लोहे की जाली और सुरक्षा कवर का इस्तेमाल किया गया है.

BDA ने इसी कार्यक्रम के दौरान GreenBengaluruByBDA.in नाम का डिजिटल प्लेटफॉर्म भी शुरू किया. इसके जरिए हरित पहलों, लगाए गए पौधों की स्थिति और उनके रखरखाव की निगरानी की जा सकेगी. प्लेटफॉर्म पर नागरिकों के लिए स्वयंसेवा के अवसर, शैक्षणिक दौरों और सवाल पूछने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है.