रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बेंगलुरु स्थित BEML के आदित्य प्लांट में भारत की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन B-28 का निरीक्षण किया. इस दौरान ट्रेन के निर्माण और परीक्षण से जुड़ा वीडियो भी साझा किया गया.

रेल मंत्रालय के अनुसार, B-28 ट्रेन 202 मीटर लंबी होगी और इसमें 8 कोच में 557 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी. ट्रेन को 280 किलोमीटर प्रति घंटे की टेस्ट स्पीड के लिए तैयार किया जा रहा है. परीक्षण के दौरान 1,500 किलो न्यूटन के स्क्वीज टेस्ट से इसकी संरचनात्मक क्षमता जांची जा रही है. वीडियो में कोच के भीतर रेत की बोरियां रखकर वजन सहने की क्षमता परखते हुए दिखाया गया है.

यह ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर चलाने के लिए डिजाइन की जा रही है. मंत्रालय के मुताबिक, इसमें भारतीय यात्रियों के औसत शरीर के आकार को ध्यान में रखकर एर्गोनॉमिक सीटें, प्लेटफॉर्म-लेवल बोर्डिंग और कोचों के बीच सीलबंद गैंगवे दिए जाएंगे. ट्रेन में LED लाइटिंग, सामान रखने की जगह, मोबाइल और लैपटॉप के लिए पावर आउटलेट, जैव-अपघट्य टॉयलेट और चौड़ी खिड़कियां होंगी.

यात्रियों को हिंदी, अंग्रेजी और स्थानीय भाषाओं में जानकारी देने के लिए LCD आधारित पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम लगाया जाएगा. पब्लिक एड्रेस सिस्टम, ऑटोमैटिक अनाउंसमेंट और इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट भी प्रस्तावित सुविधाओं में शामिल हैं. Wi-Fi आधारित इंफोटेनमेंट सिस्टम के जरिए पहले से उपलब्ध मनोरंजन सामग्री देखने की सुविधा होगी.

दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाएं

ट्रेन का फर्श प्लेटफॉर्म की ऊंचाई के अनुरूप रखा जाएगा. रिट्रैक्टेबल फुटस्टेप, व्हीलचेयर-अनुकूल दरवाजे, अलग सीट और टॉयलेट तथा ब्रेल संकेतक भी डिजाइन का हिस्सा हैं.

हर कोच में HVAC की दो यूनिट तापमान और नमी नियंत्रित करेंगी. शोर कम करने के लिए साउंड इंसुलेशन, नॉइज-डैंपिंग कोटिंग, स्कर्ट, बोगी कवर और एयरोडायनामिक फेयरिंग का इस्तेमाल किया जाएगा. ट्रेन 25 kV, 50 Hz सिंगल-फेज AC ट्रैक्शन सिस्टम पर चलेगी. ब्रेक लगाने पर ट्रैक्शन मोटर जनरेटर की तरह काम कर गतिज ऊर्जा को बिजली में बदलने में मदद करेंगी.